वर्ष 2026 के मेगा पौधरोपण अभियान को लेकर तैयारी शुरू रुदौली वनक्षेत्राधिकारी जेपी गुप्ता की अध्यक्षता में कार्यशाला
कार्यशाला में दोनों ब्लॉकों के अधिकारी कर्मचारी व प्रधान हुए शामिल

रुदौली-अयोध्या। आगामी वर्षाकाल 2026 में होने वाले बड़े पौधरोपण अभियान को सफल बनाने की दिशा में रुदौली वन रेंज में तैयारियां अभी से तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में रुदौली ब्लॉक सभागार में वन विभाग द्वारा एक महत्वपूर्ण कार्यशाला आयोजित की गई।जिसकी अध्यक्षता रुदौली वनक्षेत्राधिकारी जेपी गुप्ता ने की।कार्यक्रम में रुदौली ब्लॉक के बीडीओ अमित त्रिपाठी के अलावा दोनों ब्लॉकों के एपीओ सहित कई ग्राम प्रधान उपस्थित रहे। रुदौली वनक्षेत्राधिकारी जेपी गुप्ता ने बताया कि इस बार पौधरोपण अभियान पहले से अधिक सुव्यवस्थित और सामुदायिक भागीदारी पर आधारित होगा। उन्होंने कहा कि वर्षाकाल 2026 के लिए लक्ष्यित पौधों की संख्या, स्थल चयन, गड्ढों की समयपूर्व तैयारी, पौधों की उपलब्धता सुनिश्चित करना और रोपण के बाद उनकी जीवितता प्रतिशत बढ़ाना विभाग की प्राथमिकता रहेगी।कार्यशाला में पौधरोपण के साइट प्रबंधन, प्रजाति चयन, संरक्षण उपाय, सामुदायिक निगरानी तंत्र और ग्राम पंचायत स्तर पर जिम्मेदारी निर्धारण जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।जेपी गुप्ता ने बताया कि इस बार पंचायत स्तर पर स्थानीय भू-प्राकृतिक परिस्थितियों के अनुसार पौधों का चयन किया जाएगा, ताकि अधिकतम पौधे जीवित रह सकें। और वन क्षेत्र में उल्लेखनीय वृद्धि हो सकें। अधिकारियों ने संकल्प लिया कि वर्ष 2026 का पौधरोपण अभियान न केवल संख्या के लिहाज से बड़ा होगा, बल्कि गुणवत्ता और संरक्षण के लिहाज से भी एक मॉडल अभियान बनकर सामने आएगा। कार्यक्रम में डिप्टी रेंजर नरेंद्र राव, फारेस्टर विजय कुमार, विवेक श्रीवास्तव, फारेस्ट गार्ड अशोक वर्मा, नेपाल रावत, रामकिशोर सहित विभागीय कर्मचारी मौजूद रहे।



