गन्ना सर्वे सट्टा प्रदर्शन एवं महत्वपूर्ण शासकीय योजनाओं के बारे में जिला गन्ना अधिकारी ने दिए निर्देश

रिपोर्ट :- फ़तेह खान
रुदौली-अयोध्या। सर्वे सट्टा प्रदर्शन कराने के लिए समिति परिषद व बलरामपुर रौजागांव चीनी मिल समस्त स्टाफ को प्रशिक्षण के दौरान जिला गन्ना अधिकारी राजेश्वर यादव ने निर्देश देते हुए बताया कि रौजागांव चीनी मिल के अंतर्गत गन्ना समिति गनौली के समस्त गन्ना किसानों का आगामी पेराई सत्र के लिए ग्रामवार व तिथिवार सर्वे सट्टा प्रदर्शन 20 जुलाई से 30 अगस्त तक किया जाएगा। सभी किसान इस अवधि के दौरान तिथिवार, ग्रामवार व ब्लॉकवार समस्त आँकड़ों यथा पौधा पेड़ी क्षेत्रफल, गन्ना प्रजाति तथा अनुमानित सट्टा आदि से संबंधित 63 कॉलम की चेक लिस्ट का भली भांति अवलोकन अवश्य कर लें। यदि गन्ना सर्वे या सट्टे के संबंध में कोई त्रुटि पाई जाती है। तो इस संबंध में लिखित आपत्ति प्रदर्शन में उपस्थित चीनी मिल कर्मी या गन्ना पर्यवेक्षक को सौंप दें। इसके साथ ही ऑनलाइन भरे गए घोषणा पत्र की प्रति के साथ खतौनी फर्द, पहचान पत्र, बैंक पासबुक व अन्य आवश्यक दस्तावेज़ संलग्न कर अवश्य उपलब्ध करा दें। यह स्पष्ट किया जाता है कि जो किसान ऑनलाइन भरा हुआ घोषणा-पत्र जमा नहीं कराएंगे। विभागीय नियमों के तहत आगामी पेराई सत्र 2026 व 27 में उनका सट्टा संचालित नहीं किया जाएगा। किसानों की सहायता के लिए सहकारी गन्ना समितियों, परिषदों एवं चीनी मिलों में ‘कृषक सहायता पटल’ की स्थापना की गई है। जहाँ किसान बंधु अपना ऑनलाइन घोषणा-पत्र भरने में सहायता प्राप्त कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त, गन्ना समिति का नया सदस्य बनने की अंतिम तिथि 30 सितंबर तक है। जो किसान बंधु नए सदस्य बनने के इच्छुक हैं। वे उक्त अवधि के भीतर आवश्यक दस्तावेजों के साथ सदस्यता के लिए वेबसाइट sgk.caneup.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
-किसानों की आर्थिक सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण सरकारी योजनाएं
गन्ना खेती के साथ-साथ किसानों की आर्थिक सुरक्षा के लिए दो अत्यंत महत्वपूर्ण सरकारी योजनाओं का लाभ लेना भी अनिवार्य है।
प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना इस योजना के अंतर्गत 18 से 70 वर्ष के लाभार्थी 20 रुपये का वार्षिक प्रीमियम जमा कर लाभ प्राप्त कर सकते हैं। दुर्घटना में मृत्यु होने अथवा पूर्ण विकलांगता की स्थिति में 2 लाख तथा आंशिक स्थायी विकलांगता पर 1 लाख की धनराशि देय है। प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना इस योजना के तहत 18 से 50 वर्ष के लाभार्थी 436 रुपये का वार्षिक प्रीमियम जमा कर लाभ उठा सकते हैं। इसके अंतर्गत किसी भी कारणवश मृत्यु होने की स्थिति में आश्रित को 2 लाख की धनराशि देय होगी। इसके अतिरिक्त, किसान इन पेंशन योजनाओं का लाभ भी उठा सकते हैं। अटल पेंशन योजना इसमें 18 से 40 वर्ष की आयु के नागरिक शामिल हो सकते हैं। आयु तथा इच्छित पेंशन धनराशि के अनुसार निर्धारित किस्त जमा कर 60 वर्ष की आयु के बाद पेंशन का लाभ लिया जा सकता है। प्रधानमंत्री किसान मानधन योजना यह योजना 18 से 40 वर्ष की आयु के किसानों के सुरक्षित भविष्य और सामाजिक सुरक्षा के लिए है। इसमें शामिल होने पर 60 वर्ष की आयु पूर्ण होने के बाद किसानों को 3,000 प्रति माह की सुनिश्चित पेंशन दी जाएगी। पंजीकरण करने के लिए जानकारी। इन सभी योजनाओं में पंजीकरण के लिए किसान अपने नजदीकी जन सेवा केंद्र सीएससी, बैंक या गन्ना समिति के सहायता पटल से संपर्क कर सकते हैं। ऑनलाइन घोषणा-पत्र वेबसाइट। किसान ऑनलाइन घोषणा-पत्र भरने के लिए वेबसाइट enquiry.caneup.in पर जा सकते हैं। समस्या निवारण के लिए संपर्क। प्रदर्शन के दौरान किसी भी समस्या के समुचित समाधान के लिए संबंधित ज्येष्ठ गन्ना विकास अधिकारी, रौजागांव से उनके मोबाइल नंबर 7081202549 पर संपर्क किया जा सकता है। इस अभियान को सफल बनाने के लिए जिला गन्ना अधिकारी राजेश्वर यादव, ज्येष्ठ गन्ना निरीक्षक रौजागांव कपिल दीक्षित, सचिव गनौली अनिल कुमार, रौजागांव चीनी मिल के महाप्रबंधक (गन्ना) जितेन्द्र मलिक सहित समिति, परिषद व चीनी मिल का समस्त स्टाफ क्षेत्र में पूरी तरह मुस्तैद और उपस्थित रहा।



