उत्तर प्रदेशमहराजगंज

कोबरा सांप के काटने से 10 वर्षीय बालिका की मौत, गांव में मचा कोहराम

सूचना पर पहुंची साहनी रेस्क्यू टीम ने पकड़ा जहरीला कोबरा

ठूठीबारी/महराजगंज। ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पंचायत बोदना में शनिवार को जहरीले कोबरा सांप के काटने से एक 10 वर्षीय बालिका की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।


प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बोदना निवासी सपना (10 वर्ष) पुत्री जयप्रकाश गौड़ को घर में छिपे एक जहरीले कोबरा सांप ने काट लिया। परिजनों ने तत्काल बालिका को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उसे जिला अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही सपना ने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलने पर ठूठीबारी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। वहीं सूचना पाकर हल्का लेखपाल प्रवीण पासवान भी मौके पर पहुंचे और आवश्यक जानकारी जुटाई।
घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर साहनी रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद घर में छिपे जहरीले कोबरा सांप को सुरक्षित पकड़ लिया। सांप पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
बालिका की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग परिवार को ढांढस बंधाने में जुटे हैं। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
.site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}