मिशन शक्ति: उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं व महिला पुलिसकर्मियों का हुआ सम्मान!

महराजगंज, 06 अगस्त 2026मिशन शक्ति’ अभियान के अंतर्गत कलक्ट्रेट सभागार में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें जनपद की उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं एवं महिला पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
शासन के निर्देशानुसार महिलाओं एवं बालिकाओं के सशक्तिकरण, सुरक्षा और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल एवं पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने संयुक्त रूप से विभिन्न क्षेत्रों—शिक्षा, स्वास्थ्य, समाज सेवा और स्वरोजगार—में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाशाली महिलाओं को सम्मानित किया। इसके साथ ही जनपद के सभी थानों में तैनात महिला बीट अधिकारी एवं महिला आरक्षियों को भी उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित कर प्रोत्साहित किया गया।
समारोह के दौरान महिला सुरक्षा, जन-जागरूकता, अपराध नियंत्रण और सामाजिक बदलाव में सक्रिय भूमिका निभाने वाली महिलाओं और महिला पुलिसकर्मियों के प्रयासों की सराहना की गई। अधिकारियों ने उनके कार्यों को प्रेरणादायक बताते हुए भविष्य में भी इसी समर्पण के साथ कार्य करते रहने का आह्वान किया।
जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने कहा कि महिलाएं आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं और ‘मिशन शक्ति’ का उद्देश्य उन्हें आत्मनिर्भर, सुरक्षित और जागरूक बनाना है। वहीं पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने कहा कि महिला पुलिसकर्मी गांव-गांव जाकर महिलाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूक कर रही हैं, जो सराहनीय है।
कार्यक्रम के अंत में सभी सम्मानित महिलाओं एवं महिला पुलिसकर्मियों का उत्साहवर्धन किया गया और उन्हें समाज एवं जनपद के विकास में निरंतर योगदान देने के लिए प्रेरित किया गया।



