2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटी भाजपा बूथ अध्यक्षों को दिया ‘मेरा बूथ, सबसे मजबूत’ का मंत्र
बूथ अध्यक्ष संगठन की रीढ़ हैं : विधायक रामचंद्र यादव

रुदौली-अयोध्या। भारतीय जनता पार्टी ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर बुधवार को आरटीएस इंटर कॉलेज, नरौली में विधानसभा स्तरीय बूथ अध्यक्ष सम्मेलन आयोजित किया। सम्मेलन में रुदौली विधानसभा क्षेत्र के पांचों मंडलों के 413 बूथ अध्यक्षों ने भाग लिया। सम्मेलन के माध्यम से बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने, मतदाता संपर्क अभियान को गति देने और चुनावी रणनीति को अंतिम कार्यकर्ता तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता रुदौली विधायक रामचंद्र यादव ने की, जबकि भाजपा अवध क्षेत्र की उपाअध्यक्ष डॉ. श्वेता सिंह मुख्य अतिथि रहीं। दीप प्रज्ज्वलन एवं वंदे मातरम् के साथ सम्मेलन का शुभारंभ हुआ। मुख्य अतिथि डॉ. श्वेता सिंह ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी शक्ति उसका बूथ स्तर तक मजबूत संगठन है। उन्होंने बूथ अध्यक्षों का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता ‘मेरा बूथ, सबसे मजबूत’ के संकल्प के साथ कार्य करे। केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रत्येक घर तक पहुंचाने, नए मतदाताओं से संपर्क बढ़ाने तथा संगठन को गांव-गांव तक मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया। अध्यक्षीय संबोधन में विधायक रामचंद्र यादव ने कहा कि बूथ अध्यक्ष संगठन की रीढ़ हैं। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में सफलता बूथों की मजबूती पर निर्भर करेगी। उन्होंने बूथ अध्यक्षों से मतदाता सूची का सत्यापन, बूथ समितियों की नियमित बैठकें, पन्ना प्रमुखों के साथ समन्वय तथा लाभार्थियों से लगातार संपर्क बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता अपने बूथ पर भाजपा को सबसे मजबूत बनाने का संकल्प लेकर कार्य करें।सम्मेलन में संगठन की आगामी कार्ययोजना, बूथ प्रबंधन, मतदाता संपर्क अभियान, पन्ना प्रमुखों की भूमिका, लाभार्थी संपर्क, सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग तथा चुनावी तैयारियों के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर नियमित जनसंपर्क अभियान चलाने और सरकार की उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाने के निर्देश भी दिए गए। सम्मेलन में रुदौली नगर मंडल अध्यक्ष रामराज लोधी, शुजागंज मंडल अध्यक्ष माधुरी सिंह, बाबा बाजार मंडल अध्यक्ष राकेश तिवारी, रुदौली देहात मंडल अध्यक्ष भारत लाल रावत तथा मवई मंडल अध्यक्ष धर्मेंद्र वर्मा अपने-अपने मंडलों के बूथ अध्यक्षों के साथ उपस्थित रहे।इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष शीतला प्रसाद शुक्ला, भाजपा जिला उपाध्यक्ष सुमन पासवान, तेज तिवारी, वरिष्ठ नेता रघुनंदन चौरसिया, शिवानंद मिश्रा, भाजपा जिला कोषाध्यक्ष शेखर गुप्ता, विवेक गुप्ता सहित पार्टी के पदाधिकारी गण, जनप्रतिनिधि गण तथा रुदौली विधानसभा के सभी बूथ अध्यक्ष गण बड़ी संख्या में मौजूद रहे। समापन पर सभी बूथ अध्यक्षों ने अपने-अपने बूथ को संगठन की सबसे मजबूत इकाई बनाने और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की विजय सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।



