चटिया में मनरेगा कार्यों पर उठे गंभीर सवाल, फर्जी वृक्षारोपण दिखाकर भुगतान कराने के प्रयास का आरोप

निचलौल (महराजगंज)। विकास खंड निचलौल की ग्राम सभा चटिया में मनरेगा कार्यों को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों द्वारा लगाए जा रहे आरोपों के अनुसार कथित ग्राम रोजगार सेवक एवं ब्लॉक तकनीकी सहायक (बीटीए) राजेश सिंह की मिलीभगत से फर्जी वृक्षारोपण कार्य दर्शाकर मनरेगा के तहत भुगतान कराने का प्रयास किया गया। मामले की चर्चा तब और तेज हो गई जब ग्राम प्रधान को ही संबंधित कार्य की जानकारी नहीं होने की बात सामने आई।

ग्रामीणों का कहना है कि जिस वृक्षारोपण कार्य के नाम पर मनरेगा के तहत भुगतान की प्रक्रिया चल रही थी, उसका वास्तविक स्वरूप संदेह के घेरे में है। आरोप है कि बिना पर्याप्त कार्य कराए ही सरकारी धन के भुगतान की तैयारी की जा रही थी। मामला उजागर होने के बाद ग्रामीणों ने निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग उठाई है।


बताया जा रहा है कि इस संबंध में समाचार प्रकाशित होने के बावजूद स्थिति में कोई विशेष सुधार नहीं हुआ है। ग्रामीणों का आरोप है कि जूनियर हाईस्कूल परिसर में अब भी कथित रूप से फर्जी तरीके से मनरेगा मजदूरों की हाजिरी दर्ज की जा रही है। जबकि इस पूरे प्रकरण की जानकारी विभागीय अधिकारियों को भी होने की बात कही जा रही है।
ग्रामीणों का आरोप है कि संबंधित जिम्मेदार लोग मनरेगा के नियमों को दरकिनार कर सरकारी धन के दुरुपयोग का प्रयास कर रहे हैं। वहीं इस मामले को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं और लोग प्रशासन की कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या विभाग इस मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगा, या फिर मामला जांच और कार्रवाई के बजाय केवल चर्चाओं तक ही सीमित रह जाएगा। फिलहाल पूरे प्रकरण पर प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।



