विदेश में मरे कामगार, यहां परिजन संग खड़ी हुई पूरी सरकार
विधायक रामचंद्र यादव की संस्तुति पर मिला 2-2 लाख की आर्थिक मदद

रिपोर्ट :- फ़तेह खान
रुदौली-अयोध्या। मौका था, 19 जून का। जब सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मां कामाख्या धाम में 278 करोड़ की सौगात देने को स्वयं आए थे। इसी दरमियान रुदौली विधायक रामचंद्र यादव ने रुदौली क्षेत्र की दो घटनाओं से रूबरू कराया, जिसमें परिवारों के मुखिया की मृत्यु विदेश में होने के बाद परिवार पर मानो दु:खों का पहाड़ टूट पड़ा हो। दोनों परिवारों की व्यथा सुन मुख्यमंत्री भी गमजद-सा हो गये। उन्होंने तत्काल जिलाधिकारी को बुलाकर दो-दो लाख की आर्थिक मदद देने का निर्देश जारी किया। इसके दो घंटे बाद ही दोनों कामगार मृतकों के परिजन के खातों में धनराशि आहरित हुई। इसके लिए विधायक श्री यादव ने मुख्यमंत्री को दु:खियों और मजबूरों का मसीहा बताया।
असल में रुदौली तहसील क्षेत्र के पूरे परसन मजरे बारी निवासी सुरेंद्र कुमार पुत्र रामदेव की मृत्यु बीते 28 मार्च को और सरांय अहमद गांव के गैसराम रावत की मौत 27 मई 2026 को सऊदी अरब में हो गई थी। जिसके बाद दोनों परिवारों के सामने संकट खड़ा हो गया। चूंकि यह परिवारों के ये दोनों कमाऊ सदस्य थे। जिनकी कमाई पर परिवार आश्रित रहा। 19 जून को विधायक ने मृतकों के आश्रित परिजनों को मुख्यमंत्री योगी से मिलाया। परिजनों से वार्ता के बाद उन्हें सम्बल प्रदान करने के लिए विधायक के आग्रह पर मुख्यमंत्री ने तत्काल मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से दो-दो लाख रूपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने की कार्रवाई शुरू कराई। और दो घंटे के भीतर ही दोनों परिवारों की कुसुम कुमारी पत्नी स्व. गैसराम ग्राम सरांय अहमद व राजदेई पत्नी रामदेव निवासी ग्राम पूरे परसन (बारी) के खाते में दो-दो लाख रूपये की धनराशि ऑनलाइन हस्तानांतरण हुई।
-मृतक के परिजनों को मिले एक-एक लाख के चेक
-विधायक रामचंद्र यादव ने मृतक के परिजनों को वितरण किया चेक
रुदौली विधायक रामचंद्र यादव ने शुक्रवार को मां कामाख्या धाम में सभा को संबोधित करने आए सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से सड़क दुर्घटनाओं में मृतक हुए परिजनों की आर्थिक हालातों की जानकारी मुख्यमंत्री को दी। जिस पर तत्काल योगी ने विवेकाधीन कोष से एक-एक लाख रुपए तीनों के पारिवारीजन को सहायता राशि प्रदान करने की स्वीकृति दी। इसके क्रम में शनिवार को अपराह्न दो बजे रुदौली तहसील परिसर में विधायक रामचंद्र यादव अपने हाथों से इन तीनों के परिवरीजन को एक-एक लाख का चेक मुहैया कराया।बताते चलें कि बीते 4 मार्च 2026 को रसूलपुर कुशहरी निवासी रजनीश रावत, मख्दूमपुर के धर्मेंद्र कुमार व ऐथर के बाबूलाल यादव की मृत्यु एक सड़क हादसे में हुई थी। जिनके परिजनों को विवेकाधीन कोष से आज एक-एक लाख रुपये की आर्थिक मदद मुहैया कराई गई। चेक वितरण के दौरान उपजिलाधिकारी रुदौली संतोष कुमार, तहसीलदार रुदौली विजय कुमार गुप्ता, नायब तहसीलदार मवई राज नरायण मौर्य व सुरेश शर्मा रूदौली सहित आदि लोग उपस्थित रहे।



