विधायक रामचंद्र यादव ने नैपुरा पंपिंग स्टेशन का किया निरीक्षण
वर्षा से पहले कार्य पूर्ण कराने के संबंधित अधिकारियों को दिए निर्देश

रुदौली-अयोध्या। रुदौली विधायक रामचंद्र यादव ने रविवार को रुदौली विधानसभा क्षेत्र के नैपुरा पंपिंग स्टेशन का निरीक्षण कर वहां संचालित निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आगामी वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान श्री विधायक ने पंपिंग स्टेशन की कार्यक्षमता तथा जल निकासी व्यवस्था को पूरी तरह सुचारु बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बरसात के समय किसानों की फसलों को जलभराव से होने वाले नुकसान से बचाना सरकार की प्राथमिकता है। साथ ही क्षेत्रवासियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित की जाएं।विधायक रामचंद्र यादव ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार तथा योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली उत्तर प्रदेश सरकार किसानों के हितों, सिंचाई सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण और ग्रामीण विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। सरकार की प्राथमिकता किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और उनकी फसलों को सुरक्षित रखना है। निरीक्षण के दौरान विधायक ने अधिकारियों एवं क्षेत्रवासियों को संबोधित करते हुए जनहित से जुड़े सभी कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।



