ईद-उल-अजहा की नमाज सकुशल सम्पन्न, अमन-चैन व तरक्की के लिए उठे हजारों हाथ
शुजागंज चौकी प्रभारी अभिषेक सिंह की निगरानी में चाक-चौबंद रही सुरक्षा व्यवस्था

रुदौली, अयोध्या।
रुदौली क्षेत्र में ईद-उल-अजहा का पर्व भाईचारे, सौहार्द और शांतिपूर्ण माहौल में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों की ईदगाहों और मस्जिदों में हजारों की संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने ईद-उल-अजहा की नमाज अदा की तथा मुल्क में अमन-चैन, खुशहाली और तरक्की के लिए दुआएं मांगीं भेलसर ईदगाह में मौलाना शब्बीर नदवी ने ईद-उल-अजहा की नमाज अदा कराई। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। इसके साथ ही कुर्बानी का सिलसिला भी शुरू हो गया, जो अगले तीन दिनों तक जारी रहेगा। ईदगाहों में नमाजियों से शासन-प्रशासन द्वारा जारी गाइडलाइन का पालन करने की अपील की गई। विशेष रूप से कहा गया कि कुर्बानी से जुड़े वीडियो और फोटो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपलोड न किए जाएं, ताकि क्षेत्र में सौहार्दपूर्ण माहौल बना रहे। रुदौली, भेलसर, मवई, बाबा बाजार, पटरंगा, शुजागंज और कोटरा सहित क्षेत्र की सभी मस्जिदों और ईदगाहों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। शुजागंज चौकी प्रभारी अभिषेक सिंह अपनी टीम के साथ लगातार क्षेत्र में भ्रमण करते रहे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे। त्योहार के दौरान पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। अधिकारियों ने लोगों से आपसी भाईचारा बनाए रखने और शांतिपूर्ण ढंग से पर्व मनाने की अपील की।



