सुशील टिबड़ेवाल ने अखिलेश को बताई राहुल सिंह मामले की पूरी कहानी, सपा करेगी बड़ा संघर्ष

सिसवा बाजार (महराजगंज): उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री एवं वर्ष 2022 के सिसवा विधानसभा से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी रहे सुशील टिबड़ेवाल ने बताया कि उन्होंने शनिवार देर रात समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से फोन पर बातचीत की।
उन्होंने अखिलेश यादव को 317 सिसवा विधानसभा क्षेत्र के युवा वैज्ञानिक राहुल सिंह के परिजनों से शनिवार को उनके आवास पर हुई मुलाकात की विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने राहुल सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत को लेकर परिजनों की पीड़ा, स्थानीय लोगों की चिंताओं तथा मामले की निष्पक्ष जांच की आवश्यकता से भी अवगत कराया।
सुशील टिबड़ेवाल ने बताया कि इस पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि पार्टी इस पूरे मामले को गंभीरता से उठाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि समाजवादी पार्टी लोकसभा और उत्तर प्रदेश विधानसभा में राहुल सिंह की संदिग्ध मौत की सीबीआई से निष्पक्ष जांच, परिजनों को 5 करोड़ रुपये का मुआवजा तथा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दिए जाने की मांग को मजबूती से उठाएगी।
टिबड़ेवाल के अनुसार, अखिलेश यादव ने यह भी कहा कि दोषियों के खिलाफ निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित होनी चाहिए ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर न्याय सुनिश्चित किया जाएगा।
गौरतलब है कि महराजगंज जनपद के कोठीभार थाना क्षेत्र के असमन छपरा गांव निवासी युवा वैज्ञानिक राहुल सिंह की 14 जुलाई को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। उनका शव लखनऊ के एक होटल में मिला था। इस घटना के बाद से परिजन मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं और क्षेत्र में भी इस घटना को लेकर लगातार चर्चा बनी हुई है।



