उत्तर प्रदेश

महराजगंज: अचेत युवक की जान बचाने में देवदूत बनी कोतवाली पुलिस, कांस्टेबल दिलीप यादव व रामू गौड़ की तत्परता की हो रही सराहना

ठूठीबारी/महराजगंज। कोतवाली ठूठीबारी पुलिस ने एक बार फिर मानवीय संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए अचेत अवस्था में मिले युवक को समय रहते अस्पताल पहुंचाकर सराहनीय कार्य किया है। इस मानवीय पहल की क्षेत्र में खूब प्रशंसा हो रही है।
जानकारी के अनुसार ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र के जमुई कला चौराहा के पास एक युवक अचेत अवस्था में पड़ा हुआ था। राहगीरों द्वारा सूचना दिए जाने पर कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस टीम में शामिल कांस्टेबल दिलीप यादव एवं कांस्टेबल रामू गौड़ ने बिना समय गंवाए युवक की स्थिति का जायजा लिया और तत्काल 108 एम्बुलेंस सेवा को बुलवाया।
अचेत युवक की पहचान कमलेश पुत्र डम्मर, निवासी डिगही के रूप में हुई। पुलिसकर्मियों ने मानवता का परिचय देते हुए उसे सुरक्षित एम्बुलेंस तक पहुंचाने में सहयोग किया तथा बेहतर उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) निचलौल भिजवाया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि यदि समय रहते पुलिस मौके पर नहीं पहुंचती तो युवक की स्थिति और गंभीर हो सकती थी। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और संवेदनशील व्यवहार की क्षेत्रवासियों ने मुक्त कंठ से सराहना की।
इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया कि पुलिस केवल कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी ही नहीं निभाती, बल्कि जरूरत पड़ने पर मानव जीवन की रक्षा के लिए भी पूरी तत्परता से आगे आती है। कांस्टेबल दिलीप यादव और कांस्टेबल रामू गौड़ की इस मानवीय पहल की चर्चा पूरे क्षेत्र में हो रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
.site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}