भारत-नेपाल सीमा पर बड़ी कार्रवाई: 5 किलो अफीम बरामद, तस्कर नेपाल की ओर फरार

ठूठीबारी/महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शुक्रवार को SSB और पुलिस की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली। कार्रवाई के दौरान करीब 5 किलोग्राम अफीम बरामद की गई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 25 लाख रुपये बताई जा रही है। हालांकि तस्कर जवानों को देखकर अफीम से भरा झोला छोड़कर नेपाल की ओर फरार हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शितलापुर BOP के प्रभारी शिव पूजन कुमार एवं लक्ष्मीपुर खुर्द पुलिस चौकी प्रभारी मनीष तिवारी अपनी संयुक्त टीम के साथ सीमा क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान नेपाल की ओर से एक स्कूटर सवार युवक आता दिखाई दिया।
सुरक्षा बलों को देखकर युवक घबरा गया और अपने पास रखा एक झोला फेंककर तेजी से नेपाल सीमा की ओर भाग निकला। जवानों ने तत्काल झोले को कब्जे में लेकर उसकी तलाशी ली, जिसमें अफीम के पांच पैकेट बरामद हुए। जांच में कुल वजन करीब 5 किलोग्राम पाया गया।
SSB द्वारा बरामद अफीम को आवश्यक कार्रवाई के लिए ठूठीबारी कोतवाली पुलिस को सौंप दिया गया है। वहीं फरार तस्कर की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस व SSB की संयुक्त टीम जुटी हुई है। सीमा क्षेत्र में निगरानी और सघन तलाशी अभियान भी तेज कर दिया गया है।
SSB सितलापुर BOP प्रभारी शिव पूजन कुमार ने बताया कि सीमा पार से मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। बरामद अफीम को विधिक कार्रवाई हेतु पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया है तथा मामले की गहन जांच जारी है।



