भव्य कलश यात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब
रूदौली विधायक रामचंद्र यादव ने श्रद्धालुओं संग किया जलाभिषेक

रिपोर्ट :-फ़तेह खान
रुदौली-अयोध्या। श्री मातारानी प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर बुधवार को रुदौली विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत कोटरा में निकली भव्य कलश यात्रा श्रद्धा, आस्था और भक्तिभाव का अद्भुत संगम बन गई। गांव के मंदिर परिसर से प्रारंभ हुई कलश यात्रा में सैकड़ों की संख्या में महिलाओं, युवतियों एवं श्रद्धालुओं ने पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश धारण कर उत्साहपूर्वक भाग लिया। जय माता दी के जयघोष, भक्ति गीतों और ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच कलश यात्रा कोटरा से खैरी घाट पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने सरयू नदी से पवित्र जल भरकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इसके बाद यात्रा हसनामऊ मंदिर होते हुए पुनः कोटरा स्थित मंदिर परिसर पहुंची, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलश यात्रा का समापन हुआ।इस दौरान रूदौली विधायक रामचंद्र यादव भी कलश यात्रा में शामिल हुए। उन्होंने श्रद्धालुओं के साथ चलकर माता रानी के दर्शन किए तथा धार्मिक अनुष्ठान में सहभागिता निभाई। श्री विधायक ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन हमारी सनातन संस्कृति, सामाजिक एकता और आध्यात्मिक चेतना को मजबूत करने का कार्य करते हैं। उन्होंने आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ग्राम कोटरा में आयोजित यह प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है।कलश यात्रा के पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने “जय माता दी” के जयघोष लगाए। जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। जगह-जगह ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का जोरदार स्वागत किया। और श्रद्धालुओं के लिए पेयजल एवं अन्य व्यवस्थाएं भी की गई। आयोजन समिति ने बताया कि श्री मातारानी प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव के अंतर्गत आगामी दिनों में वैदिक अनुष्ठान, हवन, पूजन, प्रवचन एवं अन्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिनमें क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, संत-महात्माओं एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता रही।



