सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रुदौली का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था एवं मूलभूत सुविधाएं दुरुस्त करने के दिए निर्देश
मरीजों से संवाद कर जानी स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति

रुदौली-अयोध्या। जिलाधिकारी अयोध्या शशांक त्रिपाठी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रुदौली का स्थलीय निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने इमरजेंसी कक्ष, औषधि वितरण कक्ष, चिकित्सकीय कक्ष एवं वार्डों का निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाओं की समीक्षा की। जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य केंद्र परिसर में साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मरीजों एवं तीमारदारों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्रेरणा कैंटीन के निर्माण कार्यों का भी अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य को गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ पूर्ण करते हुए कैंटीन का संचालन शीघ्र प्रारंभ कराया जाए, ताकि मरीजों एवं उनके परिजनों को बेहतर सुविधा उपलब्ध हो सके। उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के बाहर हुए अतिक्रमण को नियमानुसार हटाने के निर्देश दिए। साथ ही परिसर की क्षतिग्रस्त इंटरलॉकिंग को दुरुस्त कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य केंद्र में आए मरीजों एवं तीमारदारों से संवाद कर उन्हें मिल रही चिकित्सा सुविधाओं, दवाओं एवं व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए तथा स्वास्थ्य सेवाओं में संवेदनशीलता एवं गुणवत्ता बनाए रखी जाए। साफ-सफाई के संबंध में जिलाधिकारी ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि स्वास्थ्य केंद्र परिसर में पान मसाला अथवा गुटखा खाकर गंदगी फैलाने वाले व्यक्तियों पर नियमानुसार जुर्माना लगाया जाए, जिससे परिसर की स्वच्छता एवं स्वास्थ्यकर वातावरण बना रहे। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी देवेंद्र भटौरिया, उपजिलाधिकारी रुदौली संतोष कुमार, तहसीलदार विजय गुप्ता, सीओ आशीष निगम, सीएचसी अधीक्षक डॉ रविन्द्र शुक्ला, कोतवाली प्रभारी संजय मौर्य सहित अन्य अधिकारी गण एवं कर्मचारी गण उपस्थित रहे।



