गड़ौरा:मलाव पुल तोड़ा गया, सैकड़ों गांवों पर बाढ़ का खतरा
बरसात से पहले निर्माण न होने पर जलमग्न हो सकते हैं कई इलाके

महराजगंज जनपद के गड़ौरा में एनएच-730एस पर निर्माणाधीन सड़क के तहत मलाव पुल को तोड़े जाने से स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई है। बरसात का मौसम नजदीक होने के कारण यदि समय रहते पुल का निर्माण कार्य पूरा नहीं हुआ, तो सैकड़ों गांव बाढ़ की चपेट में आ सकते हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, मलाव पुल वर्षों से इस क्षेत्र में जल निकासी का प्रमुख साधन रहा है। गड़ौरा निवासी जगदीश जायसवाल, फैश मोहम्मद, वीरेंद्र गुप्ता (प्रधान प्रतिनिधि), मुगले और कडजा निवासी जितेंद्र पांडेय सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि इस इलाके का बाढ़ का पानी मलाव के रास्ते जंगल की ओर बह जाता था।
इस वर्ष पुल को तोड़े जाने के कारण पानी के निकास का यह प्राकृतिक रास्ता बाधित हो गया है। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि यदि बरसात शुरू होने से पहले पुल का निर्माण कार्य पूरा नहीं हुआ, तो बाढ़ का पानी आसपास के कई गांवों में घुस सकता है।
इससे खेती-किसानी, आवास और जनजीवन पर गहरा असर पड़ेगा तथा भारी नुकसान होने की संभावना है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से निर्माण कार्य में तेजी लाने की मांग की है, ताकि समय रहते पुल तैयार हो सके और संभावित बाढ़ संकट से क्षेत्र को बचाया जा सके



