गैस एजेंसी की मनमानी पर फूटा जनाक्रोश, सड़क पर उतरे ग्रामीण | होम डिलीवरी बंद, अवैध वसूली का आरोप

महराजगंज/ठूठीबारी:
ठूठीबारी क्षेत्र में गैस एजेंसी की मनमानी के खिलाफ शनिवार को ग्रामीणों का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। मां शक्ति एचपी ग्रामीण गैस वितरक के खिलाफ दर्जनों उपभोक्ताओं ने भरवलिया एसएसबी रोड के पास जोरदार प्रदर्शन किया और एजेंसी प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शन कर रहे उपभोक्ताओं का आरोप है कि एजेंसी द्वारा लंबे समय से गैस सिलेंडरों की होम डिलीवरी सेवा पूरी तरह बंद कर दी गई है। इससे ग्रामीण इलाकों के लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। मजबूरी में उपभोक्ताओं को खुद एजेंसी तक जाकर सिलेंडर लाना पड़ रहा है, जिससे समय और अतिरिक्त खर्च दोनों बढ़ रहे हैं।

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि एजेंसी द्वारा निर्धारित कीमत से अधिक रकम वसूली की जा रही है। इस अवैध वसूली से आम जनता में आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है और सरकार की योजनाओं पर भी सवाल उठने लगे हैं।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही होम डिलीवरी बहाल नहीं की गई और अवैध वसूली पर रोक नहीं लगी, तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि उपभोक्ताओं को राहत मिल सके।



