जीएनएम कोर्स के नाम पर निजी महिला कर्मचारी से 90 हजार की ठगी, अस्पतालकर्मी पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज

निचलौल, महाराजगंज।
निचलौल तहसील क्षेत्र में स्थित संजीवनी हॉस्पिटल की एक निजी महिला कर्मचारी से जीएनएम कोर्स में दाखिले के नाम पर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़िता ने अस्पताल के ही एक कर्मचारी पर 90 हजार रुपये हड़पने और बाद में जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। मामले में पुलिस ने गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना निचलौल क्षेत्र के ग्राम बैदौली निवासी रुक्मिणी यादव, पुत्री श्रीनिवास यादव ने थाने में दी गई तहरीर में बताया कि वह वर्ष 2022 से संजीवनी हॉस्पिटल निचलौल में कार्यरत हैं। इसी दौरान अस्पताल में काम करने वाले मुन्नालाल यादव, पुत्र इन्द्रदेव यादव, निवासी ग्राम भेड़िहारी, थाना निचलौल ने उनसे जीएनएम कोर्स कराने का झांसा देकर 90,000 रुपये ले लिए।
पीड़िता के अनुसार, आरोपी ने न तो किसी संस्थान में दाखिला कराया और न ही पैसे वापस किए। जब महिला ने रकम लौटाने की मांग की तो आरोपी टालमटोल करने लगा और बाद में जान से मारने की धमकी देने लगा, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान हो गई।
पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और जान से मारने की धमकी से संबंधित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष अखिलेश वर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है तथा मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।


