उत्तर प्रदेशमहराजगंज

कलश यात्रा के साथ गूंज उठा धर्मौली, चार दिवसीय गायत्री माता यज्ञ का भव्य शुभारंभ

महराजगंज।
ग्रामसभा ठूठीबारी के टोला धर्मौली गांव में शुक्रवार को चार दिवसीय गायत्री माता यज्ञ का भव्य शुभारंभ श्रद्धा, आस्था और उल्लास के वातावरण में हुआ। आयोजन की शुरुआत भव्य कलश यात्रा से की गई, जिसमें पीतांबरी वस्त्र धारण किए करीब 500 महिलाएं एवं कुंवारी कन्याएं सिर पर कलश लेकर शामिल हुईं। “गायत्री माता की जय” के गगनभेदी जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।


कलश यात्रा यज्ञ स्थल से प्रारंभ होकर धर्मौली गांव से सड़कहवा होते हुए ठूठीबारी–रामनगर रोड तक पहुंची और पुनः यज्ञ स्थल पर संपन्न हुई। यात्रा मार्ग पर ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया। इस अवसर पर पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।


यह आयोजन परम पूज्यनीय पं. श्रीराम शर्मा आचार्य की साधना परंपरा, वंदनीय माता भगवती के जन्मोत्सव तथा अखंड दीपक प्रज्वलन के साथ शताब्दी वर्ष 2026 के उपलक्ष्य में किया जा रहा है।
शांतिकुंज हरिद्वार से पधारे कथा वाचक सुरेंद्र शास्त्री ने कहा कि यह यज्ञ विश्व शांति, सामाजिक समरसता और सशक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से आयोजित किया गया है। उन्होंने बताया कि आयोजन के माध्यम से सात सूत्रीय आंदोलन—साधना, सद्भाव, स्वास्थ्य, जनजागरण, कुरीतियों का उन्मूलन, व्यसन मुक्ति, पर्यावरण संरक्षण एवं स्वावलंबन—को जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है।


यज्ञ के आयोजक एवं ब्लॉक समन्वयक सुग्रीम गुप्त ने बताया कि चार दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में यज्ञ, प्रवचन, सामूहिक साधना एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आयोजन को सफल बनाने में श्याम बिहारी प्रजापति, हीरालाल गुप्त, बद्रीलाल गुप्त और रामानंद नायक की सक्रिय भूमिका रही।


इस अवसर पर गायत्री परिवार एवं ग्रामीणों में रिखई धवल, नारद साहनी, अजीत यादव, शंकर मद्धेशिया, प्रतीक जोशी, मोहन यादव, अमित खरवार, गुदून यादव सहित सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे। आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में भक्तिमय और उत्सवपूर्ण वातावरण बना हुआ है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
.site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}