नागरिक कल्याण कार्यक्रम के तहत निःशुल्क पशु चिकित्सा शिविर का आयोजन

महराजगंज।
दिनांक 26 जनवरी 2026 को नागरिक कल्याण कार्यक्रम के अंतर्गत 22वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), महराजगंज द्वारा अपने कार्यक्षेत्र समवाय बरगदवा के अंतर्गत स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, बरगदवा परिसर में एक निःशुल्क (ओ.पी.डी.) पशु चिकित्सा शिविर का सफल आयोजन किया गया।
इस शिविर का आयोजन डॉ. दिलीप कुमार सिंह (VO), राजकीय पशु चिकित्सक अधिकारी की गरिमामयी उपस्थिति में किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालकों को उनके मवेशियों के स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से राहत प्रदान करना तथा पशुधन के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।

चिकित्सा शिविर में निकटवर्ती ग्राम बरगदवा, अशोकवा एवं पिपरा के ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। शिविर के दौरान 25 ग्रामीणों के कुल 109 मवेशियों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा आवश्यकतानुसार इलाज एवं दवाओं का निःशुल्क वितरण किया गया। पशुओं में सामान्य रोगों, संक्रमण, कमजोरी एवं अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का उपचार विशेषज्ञ चिकित्सक द्वारा किया गया।
इस अवसर पर 22वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल की ओर से मुख्य आरक्षी (चिकित्सा) शमशेर सिंह सहित अन्य बलकर्मी भी उपस्थित रहे, जिन्होंने शिविर के सफल संचालन में सक्रिय भूमिका निभाई।
ग्रामीणों ने इस जनकल्याणकारी पहल के लिए सशस्त्र सीमा बल एवं पशु चिकित्सा विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे शिविर ग्रामीण पशुपालकों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होते हैं। यह आयोजन सशस्त्र सीमा बल की समाज के प्रति संवेदनशीलता एवं सेवा भावना को दर्शाता है।



