उत्तर प्रदेशमहराजगंज

मिठौरा ब्लॉक की ग्रामसभा टिकर में मनरेगा में बड़ा फर्जीवाड़ा उजागर, 13 मस्टर रोल पर 120 मजदूरों की फर्जी हाजिरी!

ब्रेकिंग न्यूज़ | महराजगंज

मिठौरा ब्लॉक की ग्रामसभा टिकर में मनरेगा में बड़ा फर्जीवाड़ा उजागर, 13 मस्टर रोल पर 120 मजदूरों की फर्जी हाजिरी!

महराजगंज जनपद के मिठौरा विकास खंड अंतर्गत ग्रामसभा टिकर में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत चल रहे कार्यों में गंभीर अनियमितता सामने आई है। यहां दो कार्यों के नाम पर कुल 13 मस्टर रोल चलाए जा रहे हैं, जिनमें कुल 120 मजदूरों की हाजिरी फर्जी फोटो के माध्यम से दर्ज की गई है। प्रथम दृष्टया यह हाजिरी पूरी तरह फर्जी प्रतीत हो रही है, जिससे योजना की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार,ग्राम पंचायत के अंतर्गत टिकर में भुल्लन के खेत से विक्रम के खेत तक सम्पर्क मार्ग पर मिट्टी कार्य व टिकर में रंजीत के खेत से पड़री सिवान बसारत के खेत तक संपर्क मार्ग पर मिट्टी कार्य दर्शाया गया है, जिसमें 120 मजदूरों की उपस्थिति दर्ज की गई है।
हैरानी की बात यह है कि दोनों ही कार्यों में मजदूरों की उपस्थिति प्रमाणित करने के लिए एक जैसे या संदिग्ध फोटो का प्रयोग किया गया है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि मजदूरों को मौके पर बुलाए बिना ही कागजों में काम कराया गया है। यह सीधे तौर पर सरकारी धन के दुरुपयोग और गरीब मजदूरों के हक पर डाका डालने जैसा मामला है।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि कार्यस्थल पर न तो उतने मजदूर कभी दिखाई दिए और न ही कार्य की प्रगति हाजिरी के अनुरूप नजर आती है। इसके बावजूद मस्टर रोल पर भारी संख्या में मजदूरों की उपस्थिति दिखाकर भुगतान की तैयारी की जा रही है।
अब बड़ा सवाल यह है कि मनरेगा जैसे महत्वाकांक्षी योजना में जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि आखिर किसके संरक्षण में इस फर्जीवाड़े को अंजाम दे रहे हैं? यदि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए तो कई चेहरों से नकाब उतर सकता है।
ग्रामीणों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी महराजगंज से मांग की है कि इस पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई हो और फर्जी हाजिरी के आधार पर हुए भुगतान की रिकवरी सुनिश्चित की जाए।
अब देखना यह है कि प्रशासन इस मनरेगा घोटाले पर क्या सख्त कदम उठाता है या मामला फाइलों में ही दबकर रह जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
.site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}