तिरंगे में लौटे रुदौली के जवान का सैन्य सम्मान के साथ नम आंखों से विदाई हंसराजपुर में उमड़ा जनसैलाब, “देवेश सिंह अमर रहें” के नारों से गूंजा आसमान
अफसरों-जनप्रतिनिधियों ने पुष्पचक्र अर्पित कर दी श्रद्धांजलि पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया गया अंतिम संस्कार

रिपोर्ट :- फ़तेह खान
रुदौली-अयोध्या। मवई ब्लॉक के हंसराजपुर गांव निवासी वीर जवान देवेश सिंह मातृभूमि की रक्षा करते हुए शहीद हो गए। भारतीय सेना में तैनात देवेश सिंह ने देश की सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। शहादत की सूचना मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। गांव का माहौल गमगीन हो गया और हर आंख नम नजर आई।शहीद का पार्थिव शरीर लेकर मंगलवार को तड़के दो बजे सेना के जवान दो गाड़ियों के साथ जब हंसराजपुर गांव पहुंचे तो गांव में कोहराम मच गया।देवेश का पार्थिव शरीर तिरंगे में लिपटकर पैतृक गांव पहुंचा तो “भारत माता की जय” और “देवेश सिंह अमर रहें” के नारों से आसमान गूंज उठा। सेना के जवानों ने पूरे सैन्य सम्मान के साथ गार्ड ऑफ ऑनर दिया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था, वहीं उपस्थित जनसमूह की आंखें भी छलक पड़ीं।श्रद्धांजलि सभा में प्रदेश सरकार के खाद्य एवं रसद राज्यमंत्री सतीश शर्मा, जिलाधिकारी अयोध्या, एसएसपी, सीओ व एसडीएम सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। अयोध्या पूर्व सांसद लल्लू सिंह, रुदौली विधायक रामचंद्र यादव, जिलाध्यक्ष संजीव सिंह, ब्लॉक प्रमुख मवई राजीव तिवारी, अजय सिंह, तेज तिवारी, पप्पू पांडे, महंत सच्चिदानंद दास व अन्य जनप्रतिनिधियों ने पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। प्रदेश सरकार के खाद्य एवं रसद राज्य मंत्री सतीश शर्मा ने मुख्यमंत्री की तरफ से पचास लाख रुपये का चेक शहीद के पिता को सौंपा। तथा एक सरकारी नौकरी व गांव में शहीद स्मारक और सड़क को शहीद के नाम से नामकरण तथा शहीद ग्राम घोषित करने की घोषणा पत्र राज्य सरकार की ओर से किया।मौजूद लोगों ने कहा कि देवेश सिंह की शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी।उनका बलिदान आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा देता रहेगा। पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।गांव ही नहीं पूरे जनपद को अपने वीर सपूत पर गर्व है, जिसने देश के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया।


