नौतनवा रोड पर अज्ञात व्यक्ति का शव मिलाः बृजलाल डिग्री कॉलेज के पास, ठूठीबारी पुलिस पहचान में जुटी

ठूठीबारी-नौतनवा रोड स्थित बृजलाल डिग्री कॉलेज के पास गुरुवार को एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला। सुबह राहगीरों ने सड़क किनारे पड़े शव को देखा, जिसके बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई।
ग्रामीणों से पूछताछ में कुछ लोगों ने बताया कि मृतक व्यक्ति मानसिक रूप से अस्वस्थ लग रहा था और उसे अक्सर क्षेत्र में घूमते देखा जाता था। हालांकि, उसकी पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।
सूचना मिलते ही ठूठीबारी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आवश्यक जांच-पड़ताल के बाद शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कोतवाली प्रभारी नवनीत नागर ने बताया कि शव के पास से कोई पहचान पत्र या अन्य दस्तावेज बरामद नहीं हुआ है, जिससे मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ कर रही है और शिनाख्त के प्रयास जारी हैं।
पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के कारणों का स्पष्ट पता चल पाएगा। फिलहाल, मामले की जांच जारी है।



