
रिपोर्ट :- फ़तेह खान
रुदौली-अयोध्या। क्षेत्राधिकारी रुदौली आशीष निगम के जनपद रायबरेली स्थानांतरण के शुभ अवसर पर रुदौली कोतवाली परिसर में सर्किल रुदौली की ओर से भावभीनी विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए उन्हें पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि क्षेत्राधिकारी ने अपने कार्यकाल के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण तथा जनता के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके सरल व्यवहार, कर्तव्यनिष्ठा एवं नेतृत्व क्षमता की सभी ने प्रशंसा की। समारोह के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके उज्ज्वल भविष्य एवं रायबरेली में सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं। क्षेत्राधिकारी ने भी रुदौली में मिले सहयोग के लिए सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यहां की यादें सदैव उनके साथ रहेंगी। इस अवसर पर रुदौली कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजय मौर्य, चर्चित क्राइम इंस्पेक्टर रुदौली शत्रोधन यादव, मवई थाना अध्यक्ष मनोज कुमार, पटरंगा थाना अध्यक्ष शशिकांत यादव, बाबा बाजार थाना अध्यक्ष शैलेंद्र कुमार आजाद सहित आदि पुलिस कर्मी मौजूद थे।



