महिला बीएलओ व आंगनवाड़ी कार्यकत्री से मारपीट, सरकारी कागजात फाड़े, पिता को भी पीटा
मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में बाधा, दो नामजद आरोपियों पर एफआईआर की मांग

ठूठीबारी (महराजगंज)।
थाना कोतवाली ठूठीबारी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम ठूठीबारी टोला धर्मोली में मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य के दौरान एक महिला बीएलओ व आंगनवाड़ी कार्यकत्री के साथ मारपीट, अभद्रता और सरकारी कार्य में बाधा डालने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराते हुए सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़िता मन्जू यादव (मन्जू देवी) पुत्री जगदीश, आंगनवाड़ी कार्यकत्री एवं बीएलओ भाग संख्या-8 की निवासी हैं। उन्होंने बताया कि 26 जनवरी 2026 की शाम लगभग 6:30 बजे वह अपने घर पर सरकारी कार्य के अंतर्गत मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य कर रही थीं। इसी दौरान उनके टोले का निवासी कृष्णा पुत्र स्व. प्रेमलाल अपनी पत्नी लक्ष्मी के मतदाता नाम से संबंधित जानकारी लेने पहुंचा।
पीड़िता के अनुसार, नियमों के तहत उन्होंने लक्ष्मी के मायके से मतदाता सूची व परिवार रजिस्टर की प्रति उपलब्ध कराने को कहा था। आवश्यक दस्तावेज न दिए जाने पर नियमानुसार नोटिस जारी किया गया, जिसकी सूचना वह स्वयं कृष्णा के घर जाकर दे आई थीं। इसके बावजूद दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए गए।
आरोप है कि बाद में कृष्णा द्वारा एक सादा कागज दिया गया, जिसे कंप्यूटर से प्रिंट कर लाने को कहने पर वह आक्रोशित हो गया और धमकी देने लगा। इसके बाद उसने अपने भाई इंद्र कमल को बुला लिया। दोनों ने मिलकर सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए मतदाता पुनरीक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण कागजात छीनकर फाड़ दिए।
पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद दोनों आरोपियों ने उनके बाल पकड़कर घर से बाहर पक्की सड़क पर पटक दिया, लात-घूंसे मारे और कपड़े खींचकर अभद्रता की। शोर सुनकर बीच-बचाव करने आए उनके वृद्ध पिता के साथ भी मारपीट की गई और उन्हें नाली में धकेल दिया गया।
घटना में पीड़िता को सिर, छाती, गला, पीठ, पेट, कमर और जांघ सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर अंदरूनी चोटें आई हैं। लोगों के इकट्ठा होने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
पीड़िता ने थाना ठूठीबारी में तहरीर देकर आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।



