पूरेकामगार ने जुनेदपुर को आठ विकेट से रौंदा, प्रीमियर लीग की ट्रॉफी पर जमाया कब्जा

रिपोर्ट :- फ़तेह खान
रुदौली-अयोध्या। विकासखंड मवई अंतर्गत ग्राम सभा पूरे काजी मजरे बाबूपुर गांव में खेले गए पूरे काजी क्रिकेट प्रीमियर लीग का फाइनल मुकाबला रोमांच और जोश से भरपूर रहा। खिताबी मुकाबले में पूरेकामगार की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जुनेदपुर को आठ विकेट से पराजित कर ट्रॉफी अपने नाम कर ली। एक दिवसीय इस टेनिस क्रिकेट टूर्नामेंट में क्षेत्र की कुल आठ टीमों ने हिस्सा लिया।
टूर्नामेंट का शुभारंभ युवा समाजसेवी धर्मराज वर्मा ने फीता काटकर किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि ग्रामीण अंचल में ऐसे आयोजन युवाओं की प्रतिभा को मंच देते हैं। टूर्नामेंट पांच-पांच ओवर के मुकाबलों में खेला गया। जिसमें खिलाड़ियों ने दमदार खेल का प्रदर्शन किया।फाइनल में जुनेदपुर की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। लेकिन पूरे कामगार के गेंदबाजों ने कसी हुई गेंदबाजी से उन्हें खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। जुनेदपुर की टीम निर्धारित पांच ओवर में सात विकेट खोकर 49 रन ही बना सकी। टीम की ओर से मोहम्मद हफिज ने विस्फोटक अंदाज में 42 रन ठोके, जिसमें सात शानदार छक्के शामिल रहे। वहीं पूरे कामगार की तरफ से शुभम पांडे ने घातक गेंदबाजी करते हुए चार विकेट झटके।लक्ष्य का पीछा करने उतरी पूरे कामगार की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। शुभम पांडे की तूफानी बल्लेबाजी के दम पर टीम ने मात्र चार ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया। शुभम पांडे ने 30 रनों की नाबाद पारी खेलकर जीत की पटकथा लिखी और दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।इस शानदार प्रदर्शन के लिए शुभम पांडे को मैन ऑफ द मैच और मैन ऑफ द टूर्नामेंट के खिताब से नवाजा गया। विजेता पूरे कामगार की टीम को 8,000 रुपये की नगद राशि व ट्रॉफी, जबकि उपविजेता जुनेदपुर की टीम को 5,000 रुपये की नगद राशि देकर सम्मानित किया गया। ग्रामीण अंचल में क्रिकेट के इस रोमांचक संग्राम ने खेल भावना और भाईचारे का संदेश दिया। टूर्नामेंट के आयोजन में हिमांशु यादव, लवकुश यादव, कामरान खान, अमित मास्टर, सुरेंद्र कुमार, फहीम शेख सहित कई ग्रामीण युवाओं का सराहनीय योगदान रहा।



