कुड़ियां मंदिर से लौट रही महिला पर चाकू से हमला, गंभीर रूप से घायल — महराजगंज रेफर

महराजगंज जिले में आज एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। कुड़ियां मंदिर से दर्शन कर लौट रही एक युवती पर दो अज्ञात बाइक सवार युवकों ने चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवती को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल महराजगंज रेफर कर दिया गया है।
घटना में घायल महिला की पहचान अन्नू गुप्ता पुत्री राजेश गुप्ता, निवासी सिरौली के रूप में हुई है। सूत्रों के अनुसार महिला मंदिर से वापस घर जा रही थी, तभी रास्ते में बाइक से आए दो युवकों ने उसे रोक लिया और बिना किसी विवाद के अचानक चाकू से हमला कर दिया। हमले में उसके हाथ में गंभीर चोट आई है।
स्थानीय लोगों की तत्परता से महिला को तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उसकी बिगड़ती हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
सूत्रों के मुताबिक हमलावरों में से एक की पहचान विवेक पुत्र गिरिजेश, निवासी बजही के रूप में हुई है, जबकि दूसरा हमलावर अभी अज्ञात है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना स्थल का निरीक्षण करते हुए मामले की जांच प्रारंभ कर दी है।
इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल व्याप्त है, जबकि पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।



