बिहार में एनडीए की बंपर जीत पर रूदौली में मनाया गया जश्न, विधायक रामचंद्र यादव ने बांटे लड्डू

रिपोर्ट :- फ़तेह खान
रुदौली-अयोध्या। बिहार में एनडीए की ऐतिहासिक और बंपर जीत के बाद पूरे प्रदेश में खुशी की लहर दौड़ गई है। इसी क्रम में रूदौली विधानसभा क्षेत्र में भी भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। रुदौली भाजपा विधायक रामचंद्र यादव ने मां कामाख्या धाम गेस्ट हाउस पर कार्यकर्ताओं के साथ जीत का जश्न मनाते हुए लड्डू बांटे और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर मिठास घोली। कार्यक्रम के दौरान भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता जुटे। मां कामाख्या धाम नगर पंचायत अध्यक्ष शीतला प्रसाद शुक्ल, पूर्व ब्लॉक प्रमुख कमलेश यादव, बाबा बाजार मंडल अध्यक्ष राकेश तिवारी सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी और युवा कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। विधायक रामचंद्र यादव ने बिहार की जीत को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि बिहार की जनता ने विकास, सुशासन और राष्ट्रवादी विचारधारा पर भरोसा जताया है। एनडीए की यह जीत जन-जन के विश्वास की जीत है। यह परिणाम विपक्ष की नकारात्मक राजनीति पर जनता का करारा जवाब है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास की नई ऊँचाइयों को छू रहा है। और बिहार का यह जनादेश उसी विश्वास की पुनः पुष्टि करता है। विधायक ने रूदौली के कार्यकर्ताओं के उत्साह की भी सराहना की। और उन्हें आगामी राजनीतिक गतिविधियों में सक्रियता बनाए रखने का आह्वान किया। जश्न के दौरान कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर और जयघोष लगाकर अपनी खुशी का इजहार किया। कार्यक्रम देर शाम तक उत्साहपूर्ण माहौल में चलता रहा।



