सरदार पटेल पदयात्रा से देश में एकता और अखंडता का संकल्प : रामचन्द्र यादव
17 नवम्बर को रूदौली में निकलेगी सरदार पटेल पदयात्रा, तैयारियों को लेकर बैठक सम्पन्न

रुदौली-अयोध्या। रुदौली विधानसभा के नहर स्थित डाक बंगला पर बुधवार को आगामी 17 नवम्बर को आयोजित होने वाली सरदार वल्लभभाई पटेल पदयात्रा की तैयारियों को लेकर बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, व्यवस्थाओं और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों पर विस्तृत चर्चा की गई।बैठक में विधायक रामचन्द्र यादव,वरिष्ठ भाजपा नेता शोभा राम वर्मा, भाजपा महामंत्री राधेश्याम त्यागी, अनुसूचित मोर्चा जिला अध्यक्ष किशोरी लाल भारती, चेयरमैन शीतला प्रसाद शुक्ला, मंडल अध्यक्ष रामराज लोधी, जिला पंचायत सदस्य राम नेवल लोधी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक के दौरान लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के योगदान और राष्ट्रीय एकीकरण में उनकी अहम भूमिका पर प्रकाश डाला गया। बैठक में विधायक रूदौली रामचन्द्र यादव ने कहा कि सरदार पटेल ने देश की 562 रियासतों का विलय कर भारत की अखंडता को सशक्त रूप दिया। उनकी 150वीं जयंती पर आयोजित यह पदयात्रा एकता और राष्ट्रवाद का संदेश लेकर समाज में जागरूकता फैलाएगी। हमें उनके सपनों के एक भारत श्रेष्ठ भारत के निर्माण के लिए सतत प्रयासरत रहना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आवाह्न किया है कि अधिक से अधिक लोगों को पदयात्रा से जोड़कर इसे जन आन्दोलन के रूप में सफल बनाएं। बैठक में पदयात्रा के मार्ग निर्धारण, समय सारिणी, सुरक्षा व्यवस्था, जल एवं स्वास्थ्य सुविधाओं समेत विभिन्न व्यवस्थाओं की जिम्मेदारियां बांटी गई। सभी कार्यकर्ताओं ने पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम को सफल बनाने का संकल्प लिया। बैठक के अंत में सरदार पटेल के आदर्शों को जन जन तक पहुँचाने और कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने का निर्णय लिया गया।



