नगर पंचायत माँ कामाख्या में 21.53 लाख की लागत से बने सार्वजनिक शौचालय का लोकार्पण
विश्व शौचालय दिवस पर विधायक रामचंद्र यादव ने दिए स्वच्छता के मंत्र

रुदौली-अयोध्या। विश्व शौचालय दिवस के अवसर पर नगर पंचायत माँ कामाख्या में बुधवार को नवनिर्मित सार्वजनिक शौचालय का भव्य लोकार्पण किया गया। नगर पंचायत कार्यालय के पीछे 21 लाख 53 हजार की लागत से तैयार यह आधुनिक शौचालय जनता के उपयोग के लिए समर्पित किया गया।लोकार्पण मुख्य अतिथि विधायक रुदौली रामचंद्र यादव द्वारा फीता काटकर किया गया।कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष शीतला प्रसाद शुक्ल, अधिशासी अधिकारी निखिलेश कुमार मिश्र, समस्त सभासदगण और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। लोकार्पण के बाद विधायक रामचंद्र यादव ने कहा कि स्वच्छता सिर्फ एक आदत नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन का मूलमंत्र है। सरकार की मंशा है कि प्रत्येक नागरिक सुरक्षित, स्वच्छ और सम्मानजनक जीवन जिए। शौचालयों की नियमित साफ-सफाई सिर्फ नगर पंचायत की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने आगे कहा कि स्वच्छ शौचालय बीमारी को दूर करते हैं और समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं। हमें अपने आचरण में बदलाव लाकर स्वच्छता को जीवन का हिस्सा बनाना होगा। यही वास्तविक राष्ट्रनिर्माण की दिशा है। अध्यक्ष शीतला प्रसाद शुक्ल और अधिशासी अधिकारी निखिलेश कुमार मिश्र ने बताया कि शौचालय को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है तथा इसके संचालन व रखरखाव के लिए विशेष टीम तैनात की जाएगी। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने स्वच्छता अभियान को आगे बढ़ाने और शौचालयों की साफ-सफाई में सहयोग का संकल्प लिया। इस अवसर पर राकेश तिवारी मंडल अध्यक्ष भाजपा, तेज तिवारी, रविकांत तिवारी, उमाशंकर सिंह, अजीत सिंह सभासद, कप्तान गिरी बाबा, असलम खान, पंकज यादव, जंगबहादुर, अजय शुक्ला सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।



