विवेकानंद इंटरमिडिएट कॉलेज में सरस्वती पूजा पर हुआ भव्य आयोजन
बसंत पंचमी पर बच्चों ने की विद्या की देवी की आराधना

महराजगंज। जिले के निचलौल विकास खंड के ग्रामीण क्षेत्र ठूठीबारी स्थित विवेकानंद इंटरमिडिएट कॉलेज में बसंत पंचमी के पावन अवसर पर सरस्वती पूजा का भव्य एवं श्रद्धापूर्वक आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर नजर आया।

सरस्वती पूजा के दौरान स्कूली बच्चों ने रंग-बिरंगे परिधानों में विद्या की देवी सरस्वती की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। बच्चों द्वारा बनाई गई आकर्षक रंगोलियों और सजावट ने कार्यक्रम की सुंदरता में चार चांद लगा दिए। विद्यार्थियों ने देवी सरस्वती से परीक्षा में सफलता एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए आशीर्वाद मांगा।

कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने मनमोहक झांकियां प्रस्तुत कीं, जिससे पूरे विद्यालय परिसर में बसंतोत्सव जैसा उल्लासपूर्ण माहौल बन गया। आयोजन में विद्यालय के प्रबंधक नन्द प्रसाद चौधरी की उपस्थिति में अतिथियों का स्वागत किया गया, जबकि प्रधानाचार्य मोहन चौधरी ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी लोगों एवं विद्यार्थियों को मिठाइयों का वितरण किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के सम्मानित गणमान्य नागरिक, अध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



