वन स्टॉप सेंटर से फरार किशोरी बरामद, दो महिला पुलिसकर्मी निलंबित

महराजगंज। वन स्टॉप सेंटर से फरार हुई 17 वर्षीय किशोरी को बृजमनगंज पुलिस और वन स्टॉप सेंटर की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सकुशल बरामद कर लिया। किशोरी के फरार होने के मामले में थाना कोतवाली महराजगंज में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, बृजमनगंज थाना क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने 13 जुलाई को अपनी 17 वर्षीय पुत्री के लापता होने की सूचना दी थी। इसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर किशोरी की तलाश की जा रही थी। विवेचना के दौरान किशोरी को 14 अगस्त को सिद्धार्थनगर जिले के बांसी बस स्टैंड से बरामद किया गया था। आवश्यक चिकित्सीय और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे महराजगंज स्थित वन स्टॉप सेंटर में दाखिल कराया गया।
15 अगस्त को किशोरी नित्य क्रिया करने के बहाने कर्मचारियों को चकमा देकर सेंटर से फरार हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और सेंटर की टीम ने तलाश शुरू की और कुछ ही समय में किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया।
मामले में ड्यूटी के दौरान लापरवाही बरतने पर एक महिला हेड कांस्टेबल और एक महिला कांस्टेबल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।



