मौरावां-पुरवा-लखनऊ रेलवे लाइन की मांग को राज्यसभा में उठाने पर क्षेत्र में खुशी की लहर

रिपोर्ट-सपना,संवाददाता मौरावां
मौरावां (उन्नाव)। राज्यसभा सांसद Sanjay Seth द्वारा मौरावां-पुरवा-लखनऊ रेलवे लाइन के मुद्दे को संसद में प्रमुखता से उठाए जाने के बाद क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल है। स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि यह रेल परियोजना साकार होती है, तो इससे क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी और लाखों किसानों, व्यापारियों तथा विद्यार्थियों को सीधा लाभ पहुंचेगा।
जानकारी के अनुसार, मौरावां नगर पंचायत अध्यक्ष Vivek Narayan Seth ने इस मांग को लेकर कई बार लिखित एवं मौखिक रूप से सांसद संजय सेठ को अवगत कराया था। इसी पहल के परिणामस्वरूप सांसद ने हाल ही में प्रश्नकाल के दौरान सदन में इस महत्वपूर्ण विषय को उठाया।
सांसद संजय सेठ ने कहा कि यदि मौरावां नगर पंचायत और पुरवा को जोड़ते हुए रेलवे लाइन का निर्माण होता है, तो इससे क्षेत्र के किसानों और व्यापारियों को परिवहन की बेहतर सुविधा मिलेगी, जिससे आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
क्षेत्र के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. महेश सिंह भदौरिया ने कहा कि रेलवे लाइन बनने से परिवहन व्यवस्था मजबूत होगी और विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए शहरों तक पहुंचने में आसानी होगी। वहीं मोबाइल व्यवसायी उत्कर्ष द्विवेदी का कहना है कि यदि वर्ष 2013 के सर्वे के आधार पर इस परियोजना को आगे बढ़ाया जाता है, तो आजादी के बाद से विकास की मुख्यधारा से पीछे रहे मौरावां क्षेत्र को नई पहचान और नई उड़ान मिलेगी।
मेडिकल स्टोर संचालक विकास सिंह ने नगर पंचायत अध्यक्ष विवेक नारायण सेठ की पहल की सराहना करते हुए कहा कि पूर्व में कई जनप्रतिनिधि आए, लेकिन किसी ने इस मुद्दे को इतनी गंभीरता से नहीं उठाया। यदि रेलवे लाइन मौरावां से होकर गुजरती है, तो जनता इस प्रयास को लंबे समय तक याद रखेगी।
ग्रामीण क्षेत्र के निवासी आनंद कुमार ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए सांसद संजय सेठ और अन्य जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। उनका कहना है कि रेलवे लाइन बनने से गांवों के लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और वे विकास की मुख्यधारा से जुड़ सकेंगे।
नगर पंचायत अध्यक्ष विवेक नारायण सेठ ने बताया कि उन्होंने कई बार सांसद संजय सेठ से इस विषय पर चर्चा की थी। उनके प्रयासों के परिणामस्वरूप सांसद ने संसद में मौरावां-पुरवा-लखनऊ रेलवे लाइन के मुद्दे को प्रभावी ढंग से उठाया है। अब क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि सरकार इस महत्वपूर्ण परियोजना पर सकारात्मक निर्णय लेकर विकास के नए रास्ते खोलेगी।



