सिटी पब्लिक स्कूल में सी आई एच एम पुरस्कार वितरण समारोह संपन्न विद्यार्थी मेहनत कर लक्ष्य प्राप्त कर सकते हैं: रुश्दी मियां
पूर्व मंत्री ने विजेता विद्यार्थियों को साईकिल, प्रशस्ति पत्र दे किया पुरस्कृत

रिपोर्ट फतेह खान
शुजागंज अयोध्या
सिटी पब्लिक स्कूल में चौधरी इरशाद हुसैन मेमोरियल स्कॉलरशिप टेस्ट (CIHM) के पुरस्कार वितरण समारोह एवं इन्वेस्टिचर सेरेमनी 2026 का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों की शैक्षिक उपलब्धियों के साथ-साथ उनके नेतृत्व कौशल और जिम्मेदारियों को भी सम्मानित किया गया। समारोह में चौधरी इरशाद हुसैन मेमोरियल स्कॉलरशिप टेस्ट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथियों सैयद अब्बास अली जैदी ‘रुश्दी मियां’ एवं शाह मसूद हयात ग़ज़ाली ने विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर मेहनत करने तथा अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने के लिए प्रेरित किया ।इसके पश्चात विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती अस्मा क़ासिम हुसैन द्वारा इन्वेस्टिचर सेरेमनी संपन्न कराई गई। इस अवसर पर छात्र परिषद चुनाव में निर्वाचित विद्यार्थियों एवं विभिन्न विद्यालयी क्लबों के इंचार्ज विद्यार्थियों को बैज प्रदान कर उनके पद की औपचारिक जिम्मेदारी सौंपी गई। कक्षा 11 के असद खान को हेड बॉय तथा अंशिका यादव को हेड गर्ल घोषित किया गया। दोनों ने अपने पद की गरिमा बनाए रखने तथा विद्यालय के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी एवं निष्ठा से निर्वहन करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर प्रधानाचार्या श्रीमती अस्मा क़ासिम हुसैन ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि पद केवल सम्मान का प्रतीक नहीं, बल्कि जिम्मेदारी, अनुशासन और सेवा का दायित्व भी है। उन्होंने विद्यार्थियों को समझाया कि सच्चा नेतृत्व दूसरों पर अधिकार जमाने में नहीं, बल्कि उन्हें साथ लेकर आगे बढ़ने और अपने कार्यों से उदाहरण प्रस्तुत करने में है।कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में उपलब्धि, नेतृत्व, आत्मविश्वास और जिम्मेदारी की भावना को और मजबूत किया। समारोह का समापन विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाओं के साथ हुआ।



