उत्तर प्रदेशमहराजगंज

महराजगंज: स्कूल चलो अभियान को मिली नई रफ्तार, सदर विधायक ने दिखाई जागरूकता रैली को हरी झंडी

महराजगंज, 1 जुलाई। प्रदेश सरकार के महत्वाकांक्षी स्कूल चलो अभियान के तहत बुधवार को प्राथमिक विद्यालय चौपरिया में जागरूकता कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने दीप प्रज्ज्वलित कर तथा जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर किया। अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक बच्चों का विद्यालयों में नामांकन सुनिश्चित करना और अभिभावकों को शिक्षा के प्रति जागरूक करना रहा।


कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत से हुई, जिसने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। इसके बाद जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सुरजीत सिंह ने सदर विधायक को प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक अरविंद जायसवाल ‘सरस’ ने किया।
अपने संबोधन में विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने कायाकल्प योजना के माध्यम से परिषदीय विद्यालयों की तस्वीर और तकदीर बदलने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि आज सरकारी विद्यालयों में बेहतर भवन, स्वच्छ पेयजल, शौचालय, स्मार्ट कक्षाएं, निःशुल्क पुस्तकें, यूनिफॉर्म, जूते-मोजे और मध्यान्ह भोजन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
विधायक ने कहा कि अब अभिभावकों और शिक्षकों की जिम्मेदारी है कि वे बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर उन्हें राष्ट्र और समाज के निर्माण में सहभागी बनाएं। उन्होंने शिक्षा को बच्चों के सर्वांगीण विकास का सबसे प्रभावी माध्यम बताते हुए प्रत्येक बच्चे तक शिक्षा पहुंचाने को समाज की सामूहिक जिम्मेदारी बताया। साथ ही शिक्षकों से बच्चों में अनुशासन, नैतिक मूल्यों और संस्कारों का विकास करने तथा अभिभावकों से सरकारी विद्यालयों पर विश्वास जताते हुए अपने बच्चों का नामांकन कराने की अपील की।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक पी.के. शर्मा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सुरजीत सिंह, प्रधानाध्यापिका अर्चना त्रिपाठी, शिक्षक अखिलेश पाठक, पंकज मौर्य, बलराम निगम, गोपाल मिश्रा सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक उपस्थित रहे।
स्कूल चलो अभियान के माध्यम से जिले में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और प्रत्येक बच्चे को विद्यालय से जोड़ने का संदेश दिया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
.site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}