मोहर्रम पर्व को लेकर सुरक्षा व्यवस्था का डीआईजी ने लिया जायजा, प्रशासन पूरी तरह से सतर्क

रुदौली-अयोध्या। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन पूरी तरह से सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में डीआईजी अयोध्या रेंज सोमेन वर्मा ने रुदौली क्षेत्र का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने एसपी ग्रामीण बलवंत चौधरी, क्षेत्राधिकारी रुदौली आशीष निगम तथा कोतवाली प्रभारी संजय मौर्य के साथ नगर के प्रमुख जुलूस मार्गों एवं कर्बला स्थलों का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने संवेदनशील स्थानों पर विशेष ध्यान देते हुए सुरक्षा इंतजामों की बारीकी से समीक्षा की। डीआईजी सोमेन वर्मा ने मातहत अधिकारियों को निर्देशित किया कि मोहर्रम के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि जुलूस मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। तथा भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाए। इसके साथ ही सीसीटीवी कैमरों की सक्रियता, ड्रोन निगरानी एवं खुफिया तंत्र को भी मजबूत करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि पर्व के दौरान शांति एवं सौहार्द बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की अफवाह या असामाजिक गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों से भी अपील की गई कि वे प्रशासन का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। इस दौरान अधिकारियों ने कर्बला स्थलों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं का भी जायजा लिया। और संबंधित विभागों को समय रहते व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए। प्रशासन की इस सक्रियता से क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर लोगों में भरोसा बढ़ा है। और उम्मीद जताई जा रही है। कि मोहर्रम का पर्व आपसी भाईचारे और शांति के माहौल में संपन्न होगा।



