गणतंत्र दिवस से पहले रूदौली-पटरंगा रेलवे स्टेशन बना हाई अलर्ट जोन, सुरक्षा एजेंसियों ने चलाया सघन अभियान स्टेशन पर कड़ी तलाशी और पहचान सत्यापन, सुरक्षा दल ने यात्रियों पर रखी पैनी नजर
क्राइम इंस्पेक्टर रुदौली शत्रुधन यादव के नेतृत्व में रूदौली में सुरक्षा गार्ड का सघन अभियान

रिपोर्ट :- फ़तेह खान
रुदौली-अयोध्या। गणतंत्र दिवस से पहले सुरक्षा एजेंसियां किसी भी तरह का जोखिम लेने के मूड में नहीं हैं। इसी कड़ी में रविवार को रूदौली और पटरंगा रेलवे स्टेशन को पूरी तरह हाई सिक्योरिटी ज़ोन में तब्दील कर दिया गया। पुलिस, आरपीएफ और एलआईयू की संयुक्त टीम ने स्टेशन परिसर से लेकर ट्रेनों के कोच तक सघन तलाशी अभियान चलाकर सुरक्षा का मजबूत संदेश दिया। रेलवे स्टेशन पर कदम रखते ही यात्रियों को कड़ी जांच प्रक्रिया से गुजरना पड़ा। प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय, टिकट काउंटर, फुटओवर ब्रिज और ट्रेनों के डिब्बों में पुलिस टीम ने बारीकी से तलाशी ली। हर संदिग्ध गतिविधि पर तुरन्त कार्रवाई करते हुए यात्रियों के बैग, लगेज की गहन जांच की गई। अपनी सशक्त कार्यशैली के लिए चर्चित क्राइम इंस्पेक्टर रूदौली शत्रुधन यादव के नेतृत्व में सुरक्षा दल पूरी तरह सक्रिय रहा। सादे कपड़ों में तैनात एलआईयू कर्मियों ने यात्रियों के बीच घुल-मिलकर उनकी गतिविधियों पर पैनी नजर बनाए रखी। पूछताछ के दौरान कई यात्रियों के पहचान पत्रों का सत्यापन किया गया, ताकि किसी भी संदिग्ध को समय रहते चिन्हित किया जा सके। अतिरिक्त फोर्स की मौजूदगी से स्टेशन परिसर में सुरक्षा घेरा और अधिक मजबूत नजर आया। अपनी सशक्त कार्यशैली के लिए चर्चित क्राइम इंस्पेक्टर रूदौली शत्रुधन यादव ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि गणतंत्र दिवस तक सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। रेलवे स्टेशन जैसे संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी और तलाशी अभियान जारी रहेगा। पुलिस ने यात्रियों और आमजन से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यदि कहीं कोई संदिग्ध व्यक्ति, गतिविधि या लावारिस वस्तु दिखाई दे, तो बिना देर किए पुलिस को सूचना दें। सुरक्षा एजेंसियों का साफ संदेश है कि 26 जनवरी पर शांति और सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा। अभियान के दौरान आरपीएफ चौकी प्रभारी जितेंद्र यादव, उप निरीक्षक देवेंद्र त्रिपाठी, किला चौकी प्रभारी जितेंद्र सिंह, नयागंज चौकी प्रभारी शिवेंद्र पाल, उप निरीक्षक मुश्ताक शाह, एसआई जय सिंह, कांस्टेबल रजत कुमार, सलमान खान, अनिल सहित आदि पुलिस कर्मी मौजूद रहे।



