निचलौल विद्युत विभाग में भ्रष्टाचार के खिलाफ संयुक्त व्यापारी मोर्चा का जोरदार प्रदर्शन

सुरेन्द्र प्रसाद,संपादक
महराजगंज (निशा प्रहरी)।जनपद के निचलौल में विद्युत विभाग में व्याप्त लूट और घोर भ्रष्टाचार के विरोध में आज संयुक्त व्यापारी मोर्चा के तत्वावधान में जोरदार धरना-प्रदर्शन किया गया।

इस आंदोलन का नेतृत्व संयुक्त व्यापारी मोर्चा के अध्यक्ष पशुपतिनाथ गुप्त ने किया, जबकि कार्यक्रम संयोजक चंद्रेश शास्त्री रहे। धरना प्रदर्शन में अनाथ बच्चों के आश्रय स्थल से जुड़े लोग भी उपस्थित रहे, जिससे कार्यक्रम को सामाजिक सरोकार का मजबूत स्वरूप मिला।
धरना स्थल पर वक्ताओं ने आरोप लगाया कि विद्युत विभाग में उपभोक्ताओं का लगातार शोषण किया जा रहा है, अनावश्यक बिलों, अवैध वसूली और भ्रष्ट कार्यप्रणाली से आम जनता व व्यापारी वर्ग बेहद परेशान है।
वक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
धरना प्रदर्शन की गंभीरता को देखते हुए विद्युत विभाग के जेई एवं तहसीलदार निचलौल मौके पर पहुंचे, जहां प्रदर्शनकारियों से वार्ता कर ज्ञापन प्राप्त किया। अधिकारियों ने सभी समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया, जिसके बाद धरना शांतिपूर्ण ढंग से समाप्त हुआ।
इस अवसर पर संगठन के महामंत्री दामोदर गोयल, संगठन मंत्री श्रवण वर्मा, जिला मंत्री श्री कृष्ण कसौधन, मीडिया प्रभारी सिकंदर रौनियार, जाहिद अली, सुग्रीव चौहान, जय करण जायसवाल, राजेश सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
धरना प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा, लेकिन व्यापारी मोर्चा ने स्पष्ट किया कि यदि मांगों पर अमल नहीं हुआ तो आगे बड़ा जन आंदोलन किया जाएगा।



