खिचड़ी भोज व कंबल वितरण का हुआ आयोजन

अयोध्या। रुदौली तहसील क्षेत्र के मीनापुर स्थित इफको बाजार केंद्र पर कड़ाके की ठंड को देखते हुए जरूरतमंदों व किसानों के लिए खिचड़ी भोज एवं नि:शुल्क कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में किसान व स्थानीय लोग सुबह से ही कार्यक्रम स्थल पर मौजूद रहे। अपर गन्ना आयुक्त के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य ठंड के मौसम में गरीब, असहाय एवं जरूरतमंद लोगों को राहत प्रदान करना रहा। कार्यक्रम के अंतर्गत लोगों को गर्म खिचड़ी का वितरण किया गया, वहीं ठंड से बचाव के लिए नि:शुल्क कंबल भी वितरित किए गए। भीषण ठंड के बावजूद किसानों में कार्यक्रम को लेकर उत्साह देखने को मिला। आयोजन स्थल पर व्यवस्था सुचारु रही और वितरण कार्य शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया गया। लाभार्थियों ने इस जनकल्याणकारी पहल की सराहना करते हुए संबंधित विभाग व आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के माध्यम से सामाजिक सरोकार और मानवीय संवेदना का संदेश दिया गया, जिससे जरूरतमंदों को ठंड से राहत मिल सकी।



