विधायक रामचंद्र यादव ने वीर सैनिकों को किया नमन, स्वतंत्रता सेनानी का किया सम्मान
कारगिल विजय दिवस पर श्री हंस इंटर कॉलेज में संगोष्ठी

रुदौली-अयोध्या। रुदौली विधानसभा क्षेत्र में स्थित श्री हंस इंटर कॉलेज,मदद अली का पुरवा रौजागांव में शनिवार को कारगिल विजय दिवस के उपलक्ष्य में एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक रामचंद्र यादव मौजूद रहे। विद्यालय के प्रबंधक सतीश कुमार यादव और प्रधानाचार्य अमृत लाल यादव ने माला पहनाकर विधायक का स्वागत किया।संगोष्ठी का संचालन अनुसूचित मोर्चा के जिला अध्यक्ष किशोरी लाल भारती ने किया। इस अवसर पर विधायक रामचंद्र यादव ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी रामपाल यादव को माला पहनाकर और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। अपने संबोधन में विधायक ने कारगिल युद्ध में शहीद हुए वीर सैनिकों को नमन किया और श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा, “हम अपने वीर सैनिकों को नमन करते हैं जिन्होंने राष्ट्र की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया।” श्री विधायक ने आगे कहा कि वीर सैनिकों के बलिदान और अथक परिश्रम से ही कारगिल जैसे कठिन युद्ध में भारत ने विजय प्राप्त की। उन्होंने देश सेवा के लिए तत्पर सैनिकों को कृतज्ञ राष्ट्र की ओर से धन्यवाद ज्ञापित किया। विधायक ने यह भी कहा कि इस प्रकार के आयोजन देशभक्ति की भावना को जागृत करने के लिए आवश्यक हैं। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक और छात्र भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस मौके पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष खुन्नू पांडे, अनुसूचित मोर्चा के जिला अध्यक्ष किशोरी लाल भारती, निर्मल शर्मा, शिवानंद मिश्रा, विष्णुकांत मिश्रा, श्री हंस इंटर कॉलेज के उप प्रधानाचार्य अश्वनी कुमार जौहरी, मनोज कुमार शुक्ला, रक्षा राम यादव, वेद प्रकाश यादव, मुकेश कुमार यादव, पवन कुमार, मोहम्मद जुनेद आलम, रामचंद्र यादव, शिव प्रसाद यादव, अध्यापिका रीता यादव तथा समस्त कर्मचारी गण उपस्थित रहे।