औसना माई की भव्य पूजा अर्चना, 51 मातृ शक्तियों ने किया सहभाग

रुदौली-अयोध्या। अयोध्या जनपद स्थित मेधा ऋषि आश्रम में गुरुवार को आध्यात्मिक और सांस्कृतिक वातावरण में औसना माई की पूजा अर्चना का आयोजन संपन्न हुआ। इस विशेष अवसर पर आश्रम के महंत भागवत शरण दास जी महाराज के सानिध्य में 51 मातृ शक्तियों ने विधिवत रूप से पूजन कर क्षेत्र में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। “दुरदुरियां” नामक इस कार्यक्रम में क्षेत्र की महिलाओं ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। और भक्ति भाव से पूजन कर आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार किया। मातृ शक्तियों द्वारा गाए गए भजन एवं स्तुति से पूरा आश्रम भक्तिमय माहौल में डूबा रहा। महंत भागवत शरण दास जी ने अपने आशीर्वचन में कहा कि “मातृ शक्ति समाज की आधारशिला है। जब नारी शक्ति जागरूक होकर धर्म और संस्कृति से जुड़ती है, तो संपूर्ण समाज में सकारात्मक परिवर्तन संभव होता है।” पूजा अर्चना के उपरांत प्रसाद वितरण किया गया। और सभी श्रद्धालुओं को महंत जी द्वारा आशीर्वाद प्रदान किया गया। इस अवसर पर मुख्य पुजारी जवाहर लाल महाराज, आश्रम के व्यवस्थापक राम कुमार यादव, ट्रस्टी सदस्य नीरज सिंह, अनिल कुमार यादव, राजू पाल, राजा यादव सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।