29 मई से 12 जून तक चलेगा विकसित कृषि संकल्प अभियान
रूदौली विधानसभा में कुल 139 स्थानों पर वैज्ञानिकों की टीम गांव गांव जाकर किसानों से करेगी सीधा संवाद

रुदौली-अयोध्या। रुदौली विधायक राम चंद्र यादव ने गुरुवार को डाक बंगला रूदौली पर पत्रकारों के साथ वार्ता की। इस प्रेसवार्ता में उन्होंने बताया कि किसानों की आर्थिक स्थिति बेहतर बनाने के लिए सरकार 29 मई से 12 जून, 2025 तक “विकसित कृषि संकल्प अभियान” चला रही है। इस अभियान के तहत वैज्ञानिकों की टीम गांव गांव जाकर किसानों से सीधे संवाद करेगी। श्री विधायक ने बताया कि रूदौली विधानसभा में आज से इस अभियान की शुरुआत मवई विकास खंड के ग्राम नेवरा व डिलवल से की गई है। उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र में कुल 139 स्थानों पर किसानों से सीधी वार्ता की जाएगी। विधायक ने कहा कि वर्तमान सरकार किसानों की हितैषी सरकार है। मौजूदा सरकार ने 2014 व 15 में जिस धान का समर्थन मूल्य 1310 हुआ करता था। उसे बढ़ाकर अब 2369 रुपए कर दिया है। यही नहीं कपास की नई एमएसपी 7,710 रुपए और दूसरी किस्म की एमएसपी 8,110 रुपए तय की है। जो पहले से 589 रुपए ज्यादा है। इस भुगतान के चलते सरकार पर 2 लाख 7 हजार करोड़ रुपए का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। सरकार की इस घोषणा से किसानों को अपनी फसलों के लिए बेहतर मूल्य मिलेगा। जिससे उनकी आय में वृद्धि होगी। वर्तमान सरकार में देश की कुल आमदनी में 27 फीसदी की वृद्धि हुई है। और भारत दुनिया में चौथी अर्थव्यवस्था बन गया है। जिसमें किसानों का अहम योगदान रहा है।