उत्तर प्रदेशमहराजगंज

महराजगंज में ब्लैकआउट माकड्रिल से परखी गई आपदा प्रबंधन की तैयारियां

महराजगंज।
शासन के निर्देश पर शुक्रवार को जनपद महराजगंज में युद्ध जैसी आपात परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखने के उद्देश्य से ब्लैकआउट माकड्रिल का आयोजन किया गया। इस दौरान शाम छह बजे दस मिनट के लिए जनपद में ब्लैकआउट कर हवाई हमले की चेतावनी देने वाला सायरन बजाया गया।
सायरन बजते ही नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचने का अभ्यास कराया गया, जबकि पुलिस, अग्निशमन, चिकित्सा एवं सिविल डिफेंस विभागों ने राहत एवं बचाव कार्यों की माकड्रिल के माध्यम से अपनी तैयारियों का प्रदर्शन किया। माकड्रिल का मुख्य आयोजन पुलिस लाइन महराजगंज में किया गया।
अभ्यास के दौरान पुलिस कंट्रोल रूम से अस्पताल में आग लगने की सूचना प्रसारित की गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पाया। इसके पश्चात सिविल डिफेंस की टीम द्वारा मरीजों व घायलों को सुरक्षित ढंग से अस्पताल पहुंचाने का अभ्यास किया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा, पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना, अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी सदर सहित अग्निशमन सेवा, चिकित्सा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा सिविल डिफेंस के वालंटियर मौजूद रहे। अधिकारियों ने आपदा प्रबंधन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा करते हुए विभिन्न विभागों के बीच आपसी समन्वय का अभ्यास कराया।
अधिकारियों ने बताया कि माकड्रिल का उद्देश्य किसी भी आपात स्थिति में त्वरित, समन्वित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना है। आमजन से अपील की गई कि इस प्रकार की माकड्रिल से घबराने की आवश्यकता नहीं है। उल्लेखनीय है कि शासन के आदेश पर शुक्रवार को प्रदेश के सभी जनपदों में एक साथ ब्लैकआउट माकड्रिल का आयोजन किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
.site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}