UP:अतर्रा में जदयू कार्यालय का उद्घाटन, शहीदों को श्रद्धांजलि, जनता की आवाज बनने का लिया संकल्प

अतर्रा (बांदा)।
जनता दल (यूनाइटेड) ने अतर्रा तहसील में संगठन को मजबूती देने के लिए नया कार्यालय खोला। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी शिवमोहन गुप्ता ने फीता काटकर उद्घाटन किया। कार्यक्रम की शुरुआत जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले के शहीदों को दो मिनट मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई।
कार्यक्रम की संयोजक जदयू महिला प्रकोष्ठ अतर्रा नगर अध्यक्ष ज्योति मौर्य और अध्यक्षता नगर विकास प्रकोष्ठ बांदा के जिला अध्यक्ष काशी प्रसाद याज्ञिक ने की। आयोजन में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी शिवमोहन गुप्ता का पुष्पमालाओं से अभिनंदन किया गया। पत्रकारों का भी सम्मान कर लोकतंत्र में उनकी भूमिका को नमन किया गया।
संविधान के दायरे में लड़ाई का आह्वान
सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष शालिनी सिंह पटेल ने कहा कि जदयू कार्यकर्ता किसी अधिकारी या नेता से डरें नहीं। संविधान की रक्षा करना और सामाजिक न्याय की लड़ाई लड़ना हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने आह्वान किया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की नीतियों को गांव-गांव तक पहुंचाया जाए।
गरिमा सिंह पटेल ने दिया कार्यकर्ताओं को संघर्ष का मंत्र
कार्यक्रम में जदयू जिला अध्यक्ष, समाज सुधार वाहिनी, गरिमा सिंह पटेल ने कहा,
“जनता की समस्याओं का समाधान करना हमारा कर्तव्य है। हर तहसील में जदयू कार्यकर्ता जनता की आवाज बनेंगे। पीड़ितों को अब अन्याय नहीं सहना पड़ेगा। सामाजिक न्याय की लड़ाई को मजबूती से आगे बढ़ाया जाएगा। पार्टी के हर कार्यकर्ता को यह जिम्मेदारी लेनी होगी कि वे हर जरूरतमंद के साथ खड़े रहें और हर अन्याय के खिलाफ आवाज बुलंद करें।”
उन्होंने स्पष्ट कहा कि समाज सुधार के मिशन के साथ पार्टी जनता के बीच जाएगी और हर वंचित वर्ग को न्याय दिलाने का कार्य करेगी।
शोषण के खिलाफ कड़ा रुख
जिला महासचिव बाबूलाल चौधरी ने कहा कि जनता के शोषण को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जदयू के कार्यकर्ता मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सच्चे सिपाही की तरह जनता के अधिकारों के लिए संघर्ष करते रहेंगे।
प्रमुख पदाधिकारियों की मौजूदगी
इस अवसर पर जिला महासचिव मीरा राजपूत, जिला उपाध्यक्ष जयप्रकाश निगम, महुआ ब्लॉक अध्यक्ष भुवनेश्वर तिवारी, जिला महासचिव बशीर अली खान, प्रदेश प्रवक्ता सांस्कृतिक प्रकोष्ठ संतोष अकेला, दिव्यांग प्रकोष्ठ से बिहारी लाल अनुरागी और भारत लाल कुशवाहा, उद्योग प्रकोष्ठ की जिला अध्यक्ष सीमा कुशवाहा, शिवम रैकवार, रूपा देवी, रमजा खान, प्रेमलता रैकवार, मुन्ना लाल साहू, आशीष कुमार, ममता, विनोद कुमार सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
जन-जन तक पहुंचेगी सामाजिक न्याय की अलख
कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की नीतियों को हर गांव तक पहुंचाया जाएगा, संविधान के मूल्यों की रक्षा होगी और सामाजिक न्याय की लड़ाई को निरंतर आगे बढ़ाया जाएगा।