उत्तर प्रदेशमहराजगंज

मिठौरा ब्लॉक के दरहटा में मनरेगा घोटाले की आशंका, 19 मस्टररोल पर 171 मजदूरों की फर्जी हाजिरी

ब्रेकिंग न्यूज़ | महराजगंज

एसपी रावत,संपादक

महराजगंज जनपद के मिठौरा विकास खंड अंतर्गत ग्रामसभा दरहटा में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत कराए जा रहे कार्यों में बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। यहां चार अलग-अलग कार्यों के नाम पर कुल 19 मस्टर रोल चलाए जा रहे हैं, जिनमें 171 मजदूरों की हाजिरी फर्जी फोटो के सहारे दर्ज की गई है। प्रथम दृष्टया यह पूरा मामला कागजों पर काम दिखाकर सरकारी धन के दुरुपयोग की ओर इशारा करता है।
जानकारी के अनुसार, चारों मिट्टी कार्य से संबंधित बताए जा रहे हैं, लेकिन मजदूरों की उपस्थिति प्रमाणित करने के लिए एक जैसे अथवा संदिग्ध फोटो का प्रयोग किया गया है, जिससे हाजिरी की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
दिखाए गए चारों कार्यों का विवरण इस प्रकार है—
रामपत के खेत से सुकई के खेत तक संपर्क मार्ग पर मिट्टी कार्य- 53 मजदूर
रामभवन के घर से पकड़ियार पुल तक PWD रोड के दोनों तरफ पटरी पर मिट्टी कार्य-47 मजदूर
रामबुद्धेष के खेत से अनिरुद्ध बढ़ई के खेत तक सम्पर्क मार्ग पर मिट्टी कार्य-56मजदूर
पारस के खेत से नदी तक संपर्क मार्ग पर मिट्टी कार्य-15 मजदूर
इन चारों कार्यों को मिलाकर कुल 171 मजदूरों की हाजिरी मस्टर रोल पर दर्शाई गई है, जबकि स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि इतनी संख्या में मजदूर न तो कभी मौके पर दिखे और न ही कार्य की प्रगति वैसी नजर आती है जैसी कागजों में दर्शाई जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि मनरेगा जैसी गरीबों को रोजगार देने वाली योजना में इस तरह की धांधली मजदूरों के हक पर सीधा डाका है। फर्जी फोटो के आधार पर हाजिरी भरकर भुगतान निकालने की कोशिश की जा रही है, जिससे योजना की पारदर्शिता और प्रशासनिक निगरानी पर भी सवाल उठ रहे हैं।
अब सवाल यह है कि क्या जिम्मेदार अधिकारियों की मिलीभगत से यह खेल खेला जा रहा है या फिर जांच में सच्चाई सामने आएगी? ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी महराजगंज से मांग की है कि मामले की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई हो और फर्जी हाजिरी के आधार पर किए गए भुगतान की वसूली सुनिश्चित की जाए।
मनरेगा में फर्जीवाड़े का यह मामला यदि सही पाया गया, तो यह मिठौरा ब्लॉक में अब तक का एक बड़ा घोटाला साबित हो सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
.site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}