निचलौल: वसूली ग्रामसभा में चकबन्द मिट्टी कार्य में बड़ा फर्जीवाड़ा, 92 मजदूर फर्जी, एक ही फोटो बार-बार इस्तेमाल
निशा प्रहरी संवाददाता, महराजगंज
महराजगंज। जनपद के निचलौल ब्लॉक के ग्रामसभा वसूली में मनरेगा के तहत किए जा रहे मिट्टी कार्य में बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। आरोप है कि मेन रोड से जंगल के किनारे तक कराए जा रहे इस कार्य में कुल 92 मजदूरों के नाम फर्जी तरीके से दर्ज किए गए हैं। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इन मजदूरों के नाम पर बार-बार एक ही फोटो का उपयोग किया गया है।






प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत वसूली में मनरेगा योजना के अंतर्गत मेन रोड से जंगल की ओर मिट्टी डाली जा रही है। इस कार्य में मजदूरों की उपस्थिति दर्शाने के लिए जो फोटोग्राफिक साक्ष्य अपलोड किए गए, उनमें अनेक नामों के सामने एक ही व्यक्ति की तस्वीर लगी हुई मिली। इससे स्पष्ट होता है कि मजदूरों की वास्तविक उपस्थिति दर्शाने के बजाय फर्जीवाड़ा कर सरकारी धन का बंदरबांट किया जा रहा है
स्थानीय लोगों का कहना है कि कार्य स्थल पर कभी इतने मजदूर दिखाई ही नहीं दिए, जितने कागजों में दिखाए जा रहे हैं। ग्रामवासियों ने इस मामले की जांच की मांग की है और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की अपेक्षा जताई है।
यदि यह मामला सही पाया जाता है तो यह पंचायत स्तर पर मनरेगा और चकबन्द योजना में हो रहे भ्रष्टाचार का बड़ा उदाहरण बन सकता है।
प्रशासन से अपील:
जनता ने जिला प्रशासन से अपील की है कि इस प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषी अधिकारियों/कर्मचारियों पर कठोर कार्रवाई की जाए।



